वीरभूल (सिउड़ी) : भारतीय खाद्य निगम के सिउड़ी स्थित जिला मुख्यालय में मंगलवार को हिंदी पखवाड़ा एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम के पूर्व मंडल प्रबंधक अजय कुमार सहित आगत अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
इस मौके पर सभी अतिथियों को दुपट्टा ओढ़ाकर एवं गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान खाद्य निगम के अधिकारी अमित कुमार ने देश के गृहमंत्री अमित शाह का संदेश पढ़कर सुनाया। इस भव्य आयोजन में कवि सम्मेलन, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, ऑनलाइन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। मंडल प्रबंधक अजय कुमार ने बताया कि यह कार्यक्रम पहले ही आयोजित किया जाना तय था किंतु कोविड 19 की वजह से कार्यक्रम होने में एक सप्ताह का बिलंब हो गया। कार्यक्रम के पहले उपस्थित सभी लोगों को मास्क प्रदान किया गया तथा कोविड 19 के नियम का पालन करते हुए पूरी सतर्कता बरती गई। कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद छोटी-सी बच्ची आस्था आनंद ने मनमोहक नृत्य एवं हम होंगे कामयाब गीत गाकर सभी का मन मोह लिया। इस दौरान कवि डीसी तरुण कुमार मंडल, हिंदी प्रबंधक काकोली चटर्जी, कवि विजय शंकर विकुज, कवि आनंद कुमार आनंद, धनंजय पाठक, अमित कुमार जैसवाल सहित खाद्य निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में विश्वभारती विश्वविद्यालय के हिंदी अधिकारी गोपाल कुमार ने कहा कि हिंदी बहुत ही सहज भाषा है और आज यह देश के अलावा अन्य देशों में भी बोली जानी लगी है। कार्यक्रम का संचालन भी गोपाल कुमार ने किया। भारतीय खाद्य निगम के पूर्व मंडल प्रबंधक अजय कुमार पिछले दो साल से वीरभूम जिला में हिन्दी का अलख जगाने का जो प्रयास कर रहे हैं, इसके लिए उपस्थित सभी लोगों ने उनकी भूरि-भूरि प्रंशसा की।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें