हिंदी भाषा के व्यापक प्रचार प्रसार एवं कर्मचारियों को हिंदी का कार्य साधक ज्ञान प्रदान कराने के उद्देश्य से दामोदर घाटी निगम में मेंजिया ताप विद्युत केंद्र के सिमुलेटर हॉल मे शुक्रवार को हिंदी संगोष्ठी सह कार्यशाला का आयोजन किया गया।
संस्थान के राजभाषा अधिकारी अरविंद कुमार के कुशल संचालन में संस्थान के करीब 20 हिंदीतर भाषी प्रतिभागियों ने इसमें उत्साह पूर्वक भाग लिया । राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, हिंदी शिक्षण योजना, दुर्गापुर केंद्र के प्राध्यापक श्री विश्वजीत मजूमदार इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित थे। उन्होंने हिंदी भाषा के शब्द भंडार उनकी व्युत्पत्ति, वर्णमाला और भाषिक संरचना पर व्याख्यान दिया तथा उपस्थित प्रतिभागियों की भाषा संबंधी शंकाओं का समाधान भी किया। उन्होंने प्राज्ञ पाठ्यक्रम से संबंधित कार्यालयीन पत्राचार, टिप्पणी लेखन इत्यादि पर भी सारगर्भित चर्चा की । कार्यक्रम के समापन अवसर पर मेझिया ताप विद्युत केंद्र के प्रधान मुख्य अभियंता निखिल कुमार चौधरी भी उपस्थित थे जो कल ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं। कार्यक्रम में उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित किया तथा संपर्क भाषा के रूप में हिंदी के महत्व को रेखांकित किया। सभी प्रतिभागियों की ओर से उनके सुखी और सक्रिय सेवानिवृत्त जीवन की कामना की गई और संगोष्ठी का समापन किया गया। सभी साथियों को प्रशिक्षण सामग्री भी इस अवसर पर उपलब्ध कराई गई।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें